ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपूर ने शुक्रवार को देश में कोरोना वायरस के ताज़ा आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,102 नए मामले सामने आए हैं जबकि इसी दौरान 48 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस प्रकार देश में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 6,902 हो गई है जबकि कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 1,16,635 तक पहुंच गई है। जहानपूर ने बताया कि इनमें से 91,836 लोगों का सफलता के साथ उपचार करके उन्हें अस्पतालों से घर भेजा जा चुका है।
इस बीच दुनिया में कोरोना वायरस सेे संक्रमित होने वालों की संख्या 45 लाख से ज़्यादा हो गई है जबकि अब तक तीन लाख से अधिक लोग मरे चुके हैं। प्राप्त सूचना के अनुसार इस समय दुनिया भर में लगभग 45 लाख 45 हज़ार लोग कोरोना से संक्रमित हैं जबकि तीन लाख चार हज़ार के क़रीब लोग मर चुके हैं। पूरी दुनिया में 17 लाख से ज़्यादा लोगों को इस घातक वायरस से बचाया जा चुका है। अमरीका में साढ़े चौदह लाख से ज़्यादा लोग कोरना में ग्रस्त हैं जबकि क़रीब 87 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है। अमरीका के बाद स्पेन और रूस संक्रमण की दृष्टि से सबसे आगे हैं जहां क्रमशः लगभग पौने तीन लाख और ढाई लाख लोग कोरोना से संक्रमित हैं। स्पेन में अब तक 27 हज़ार लोग कर चुके हैं जबकि रूस में 2,418 लोग कोविड-19 की बलि चढ़ चुके हैं। यह वायरस ब्रिटेन में 33,614 जबकि इटली में 31,368 लोगों की जान ले चुका है। फ़्रान्स में भी लगभग 27,500 लोग कोरना के कारण मर चुके हैं।